उत्तर प्रदेश वाराणसी

बुढ़ापे में इश्कबाजी पर बवाल : वाराणसी के अशोक विहार में चली गोली By Yash Seth

बेटे ने पिता पर अपने से आधी उम्र की युवती से इश्क फरमाने का लगाया आरोप, पुलिस कर रही हमलावर की तलाश
वाराणसी। बुढ़ापे में अपने से आधी उम्र की युवती से इश्क फरमाने के विवाद में शनिवार की रात गोली चल गई। यह घटना जैतपुरा थाना क्षेत्र के अशोक विहार कालोनी में हुई। हमलावर का नाम विवेक पांडेय बताया गया है जो अशोक नगर का निवासी बताया जा रहा है। गोली अनुराग कैली नामक युवक को लक्ष्य कर चलाई गई थी। संयोगवश गोली उसे नही लगी। पुलिस इस मामले में पूछताछ के बाद हमलावर व एक युवती की तलाश कर रही है।

मामला प्रेम प्रसंग का है। अनुराग कैली के पिता 75 वर्षीय जार्ज जान कैली हैं। वह इस उम्र में पिछले एक हफ्ते से अपने से आधी उम्र की 35 वर्षीया युवती के साथ घर में रह रहे थे। बुढ़ापे में इश्कबाजी का बेटे अनुराग कैली व बहू विरोध कर रही थी। इस मामले की शिकायत रिश्तेदारों तक पहुंच चुकी थी। हालांकि जिस युवती के साथ जार्ज जान कैली रह रहे थे वह विवेक पांडेय के जरिए ही उन तक पहुंची थी।

विवेक भी अक्सर युवती से मिलने जार्ज जान कैली के घर आता रहा। पिता-पुत्र में विवाद बढ़ने लगा तो जार्ज जान कैली ने विवेक पांडेय को सूचना दी। इसके बाद विवेक पांडेय रात आठ बजे स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचा। घर पहुंचते ही विवेक ने अनुराग को धमकाने की कोशिश की और हाथापाई करने लगा। अनुराग ने विरोध किया तो विवेक ने असलहा निकाल कर फायरिंग कर दी। गोली चलते ही अफरातफरी मच गई।

 

शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तभी विवेक जार्ज जान कैली के साथ रह रही युवती को कार में बैठाकर भाग निकला। सूचना पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ पहुंचे। भुक्तभोगी अनुराग कैली और उसके पिता जार्ज जान कैली से पूछताछ की। अनुराग ने पुलिस को पिता की करतूत बताई और अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस आरोपित विवेक पांडेय और युवती की तलाश कर रही है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *